नोएडा: बरौला स्थित एक PG में असम की 19 वर्षीय युवती महक अहमद (Mehak Ahmed) की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी रमन राज को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि महक पर धारदार हथियार से करीब 10 बार वार किए गए थे। गंभीर चोटों के कारण अधिक खून बहने से उसकी मौत हुई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और जिस कमरे में महक का शव था, उसमें ताला लगा दिया गया था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस की मदद से आरोपी को उसके गृह जिले कटिहार से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम उसे नोएडा लेकर आ रही है।
तीन सप्ताह पहले नोएडा आई थी महक
महक अहमद (Mehak Ahmed) असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी। करीब तीन सप्ताह पहले वह अपने माता-पिता को बताए बिना नोएडा आई थी। यहां वह एक कॉल सेंटर में नौकरी कर रही थी और अपनी सहेली संजना के साथ बरौला स्थित तीन मंजिला PG में रह रही थी। संजना भी असम की रहने वाली है।
PG में ही महक की मुलाकात बिहार के कटिहार निवासी रमन राज से हुई थी। रमन ने BTech की पढ़ाई की थी और पहले एक IT कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वह बेरोजगार था।
8 अगस्त की रात हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त की रात महक और उसकी सहेली संजना कमरे के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान रमन वहां शराब पी रहा था। किसी बात को लेकर महक और रमन के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। हालांकि, विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
10 अगस्त को जब महक (Mehak Ahmed) कमरे में नहीं मिली तो संजना ने उसे फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसी दौरान PG में रमन के कमरे से दुर्गंध आने लगी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मकान मालिक सार्थक बंसल के साथ मौके पर पहुंची। कमरे पर ताला लगा हुआ था। ताला खुलवाकर जब पुलिस ने अंदर तलाशी ली तो महक का खून से लथपथ शव मिला।
पोस्टमार्टम में करीब 10 वार की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महक के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, धारदार हथियार से उसके शरीर पर करीब 10 वार किए गए थे। गंभीर घावों से अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हुई।
मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस
हत्या के बाद से रमन राज फरार था। नोएडा पुलिस की सर्विलांस टीम उसकी तलाश में जुटी थी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को उसके कटिहार में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम बिहार पहुंची और बुधवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी रमन राज को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से करीब 10 वार किए जाने और अधिक रक्तस्राव के कारण महक की मौत की पुष्टि हुई है। मृतका का नोएडा में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का पता लगाएगी।












