जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन ने भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों पर बातचीत करने तथा परिसर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सात सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार को कुलपति प्रो. मजहर आसिफ, रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिजवी, विभिन्न संकायों के डीन, डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर, चीफ प्रॉक्टर, छात्रावासों के प्रोवोस्ट और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सात सदस्यीय समिति गठित करने का निर्णय लिया। समिति प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ संवाद करेगी, उनकी मांगों की जांच करेगी और परिसर में शांति बनाए रखने तथा सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
विश्वविद्यालय के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) द्वारा जारी विज्ञप्ति में समिति के सदस्यों के नाम और उसकी रिपोर्ट सौंपने की समयसीमा का उल्लेख नहीं किया गया है।












