राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर अपनी परेशानियां साझा कीं। गहलोत ने प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखने को कहा।
गहलोत ने कहा कि राजस्थान में सभी धर्मों के लोग लंबे समय से अमन-चैन के साथ रहते आए हैं, लेकिन हाल में ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि अल्पसंख्यकों को धर्मांतरण से जोड़कर मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर धार्मिक गतिविधि को धर्मांतरण से जोड़ना सही नहीं है और किसी नए कानून को हथियार बनाकर अल्पसंख्यकों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में ठोस सबूतों के आधार पर कानून का उल्लंघन साबित होता है तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी व्यक्ति या समुदाय को केवल संदेह के आधार पर परेशान नहीं किया जाना चाहिए। गहलोत ने कहा कि धर्म परिवर्तन से जुड़े कानून का बेजा इस्तेमाल और दुरुपयोग रोका जाना चाहिए, ताकि अल्पसंख्यक समुदायों में भय और अविश्वास की भावना पैदा न हो।












