India

जामिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में अहम कदम, 1,250 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पर चर्चा।

Spread the love

नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में तैयारियां तेज होती नजर आ रही हैं। 1 अगस्त 2026 को जामिया के नेहरू गेस्ट हाउस में विश्वविद्यालय प्रशासन और जामिया एलुमनाई की एक अहम बैठक हुई थी, जिसमें प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की तैयारियों, प्रोजेक्ट और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

बैठक का आयोजन डीन ऑफ एलुमनाई अफेयर्स प्रो. आसिफ की पहल पर किया गया। इस दौरान प्रोजेक्ट इंचार्ज प्रो. जुबैर मिनाई ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज और उसके रोडमैप को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी।

प्रस्तावित मेडिकल कैंपस में 250 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज और 900 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाने की योजना है। इसके अलावा स्टाफ क्वार्टर्स, छात्रों के लिए हॉस्टल और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 1,250 करोड़ रुपये बताई गई है। इसमें जामिया एलुमनाई से करीब 250 करोड़ रुपये यानी 20 फीसदी योगदान की अपील की गई है।

बैठक में जामिया के वाइस चांसलर प्रो. मजहर आसिफ (Mazhar Asif) ने उम्मीद जताई कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत आगामी अकादमिक सत्र से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर शुरुआत में 50 सीटों से भी मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की जा सकती है।

इस बैठक में उत्तर प्रदेश के एमएलसी शाह आलम (गुड्डू जमाली), राज्यसभा सांसद जावेद अली खान, दिल्ली के विधायक इमरान हुसैन और जामिया स्टूडेंट्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष बदरुद्दीन कुरैशी समेत बड़ी संख्या में जामिया के पूर्व छात्रों ने हिस्सा लिया। एलुमनाई ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

शाह आलम ने अपने संबोधन में इस मुहिम के लिए व्यापक सहयोग की जरूरत पर जोर दिया और जामिया से जुड़े लोगों से आगे बढ़कर इस परियोजना में योगदान देने की अपील की।

बैठक के दौरान जामिया एलुमनाई आशीष सिंघल ने तत्काल 5 लाख रुपये के सहयोग का ऐलान किया। वहीं, इस मुहिम को आगे बढ़ाने में नदीमुद्दीन चौधरी की लगातार कोशिशों को भी अहम बताया गया। बताया गया कि जश्न-ए-जौहर के मंच से जामिया की जरूरतों और मेडिकल कॉलेज की स्थापना के मुद्दे को मुहिम बनाने के बाद से वह लगातार इसके लिए प्रयासरत हैं।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जामिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। एलुमनाई और विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने और हरसंभव सहयोग देने का संकल्प जताया।

Related Posts

बागपत में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, मंदिर परिसर से दो लापता युवकों के शव बरामद; दो आरोपी हिरासत में।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के चांदीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो लोगों की

1 of 32

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *