हैदराबाद स्थित मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (MANUU) में आज़ाद यूनाइटेड स्टूडेंट्स फेडरेशन (AUSF) की ओर से इस्लामोफोबिया, अन्याय और भेदभाव के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला गया। मार्च में सहारनपुर की कलेक्टरेट मस्जिद के विध्वंस और दिल्ली में दो पत्रकार बहनों के साथ पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

प्रदर्शन करते छात्र/फोटो: स्पेशल अरेंजमेंट
मार्च की शुरुआत मदीना कैफे से हुई और यह बाब-ए-इल्म पर जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान MANUU के छात्रों और AUSF के सदस्यों ने एकजुट होकर कथित अन्याय, भेदभाव और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण में विफलता के खिलाफ आवाज उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने इन मामलों से निपटने के सरकार के तरीके पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही, न्याय, समानता और सभी नागरिकों के अधिकारों के सम्मान की मांग की।
AUSF ने कहा कि उनका विरोध शांतिपूर्ण है, लेकिन उनका संदेश स्पष्ट है, वे इस्लामोफोबिया के खिलाफ और न्याय, समानता तथा मानवीय गरिमा के पक्ष में खड़े हैं।












