गुजरात के सूरत में चोरी के शक में दो युवकों के साथ कथित तौर पर मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छह लोगों ने दोनों युवकों को अगवा कर एक पार्टी प्लॉट में खंभे से बांधा और लकड़ी के डंडों व बिजली के तारों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मृतक की पहचान अनिल राठौड़ के रूप में हुई है, जबकि उनके साथ मौजूद दूसरे युवक की पहचान नीलेश उर्फ गोपाल राठौड़ के तौर पर बताई गई है। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस और द वायर की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों युवक 11 नवंबर को सानिया कनाडे गांव स्थित कृष्णा सेवन स्टार पार्टी प्लॉट में घास काटने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उन पर चोरी के इरादे से परिसर में आने का शक जताया।
आरोप है कि छह लोगों ने दोनों युवकों को जातिसूचक गालियां दीं और जबरन एक वाहन में बैठाकर कराडवा गांव स्थित दूसरे पार्टी प्लॉट में ले गए। वहां उन्हें रस्सी से खंभे से बांधकर लकड़ी के डंडों और बिजली के तारों से पीटा गया। हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। दूसरे युवक को भी चोटें आईं।
पुलिस ने इस मामले में हत्या, अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के कुछ ही घंटों के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की पहचान विजय उर्फ सोनू मौर्य, राहुल मौर्य, अभिषेक उर्फ अभि मौर्य, सुमित सिंह, सुजीत यादव और महेंद्र मौर्य के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर युवकों को बांधने में इस्तेमाल की गई रस्सी भी जब्त की है।
सहायक पुलिस आयुक्त सुनील टार्डे के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की आगे जांच कर रही है।










