बिलाल काज़ी ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर 14 वर्षीय ब्रिटिश लड़के की फर्जी पहचान बनाकर लड़कियों का भरोसा जीता। बाद में वह उनसे निजी तस्वीरें और वीडियो मांगता और इनकार करने पर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। ब्रिटेन की अदालत ने उसे 30 साल की कैद और आठ साल की विस्तारित लाइसेंस अवधि की सजा सुनाई है।
ब्रिटेन में 70 लड़कियों को ऑनलाइन निशाना बनाकर उनका यौन शोषण और ब्लैकमेल करने के मामले में भारतीय छात्र बिलाल काज़ी (27) को 30 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। इसके अलावा रिहाई के बाद उसे आठ साल तक विस्तारित लाइसेंस शर्तों के तहत रहना होगा। चेस्टर क्राउन कोर्ट ने 13 नवंबर 2026 को यह सजा सुनाई।
चेशायर पुलिस के मुताबिक, काज़ी ने बाल यौन अपराधों से जुड़े 37 आरोपों में अपना अपराध स्वीकार किया था। अभियोजन पक्ष (CPS) ने बताया कि उसे 30 साल की कैद के साथ आठ साल की extended licence अवधि दी गई है।
किशोर लड़के की फर्जी पहचान बनाकर लड़कियों को फंसाया
जांच में सामने आया कि काज़ी सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर खुद को ‘रीस’ (Reece) नाम के 14 वर्षीय ब्रिटिश लड़के के रूप में पेश करता था। इसके लिए वह एक अज्ञात लड़के की तस्वीरों का इस्तेमाल करता था। वह Snapchat, Roblox, Wink और अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए लड़कियों से संपर्क करता और धीरे-धीरे उनका विश्वास जीतता था।
विश्वास हासिल करने के बाद वह उनसे निजी तस्वीरें और वीडियो मांगने लगता। जब लड़कियां ऐसा करने से इनकार करतीं, तो वह पहले भेजी गई तस्वीरों और वीडियो को उनके दोस्तों या अन्य लोगों के साथ साझा करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।
28 पुलिस क्षेत्रों में पहचानी गईं 70 पीड़िताएं
चेशायर पुलिस की ऑनलाइन चाइल्ड एब्यूज इन्वेस्टिगेशन टीम ने मई 2022 में मामले की जांच अपने हाथ में ली। काज़ी के मोबाइल फोन की डिजिटल जांच के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में संभावित पीड़ितों से जुड़े साक्ष्य मिले।
पुलिस ने शुरुआत में 180 संभावित पीड़ितों की पहचान की थी। आगे की जांच में ब्रिटेन के 45 में से 28 पुलिस क्षेत्रों में रहने वाली 70 लड़कियों की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, अपराध के समय इनकी उम्र 11 से 17 वर्ष के बीच थी।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ लड़कियों के साथ काज़ी ने एक साल से अधिक समय तक संपर्क बनाए रखा था।
पहली शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
मामले की शुरुआत तब हुई जब एक 13 वर्षीय लड़की ने पुलिस से शिकायत की। उसने बताया कि वह Snapchat पर काज़ी से बात करती थी और उसे अपनी उम्र का लड़का समझती थी। बाद में उसने उससे निजी तस्वीरें और वीडियो मांगना शुरू कर दिया।
जब लड़की ने उससे केवल दोस्त बने रहने की बात कही और तस्वीरें भेजने से इनकार किया, तो काज़ी ने उसे धमकी दी कि वह पहले भेजी गई तस्वीरें उसके दोस्तों को भेज देगा। बाद में लड़की का Snapchat अकाउंट हैक कर उसकी निजी सामग्री दोस्तों तक पहुंचा दी गई। उसने नवंबर 2021 में पुलिस से शिकायत की।
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि काज़ी ब्रिटेन छोड़ चुका है। जुलाई 2023 में परिवार से मिलने विदेश जाने के बाद ब्रिटेन लौटने पर उसे हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, जमानत पर रहते हुए भी उसने इसी तरह की गतिविधियां जारी रखीं।
चेशायर पुलिस ने बताया कि यह उसकी ऑनलाइन बाल यौन शोषण से जुड़ी अब तक की सबसे बड़ी जांच थी। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सोशल मीडिया ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ध्यान दें तथा उन्हें अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत के जोखिमों के बारे में जागरूक करें।








