सहारनपुर: जिले के मानकमऊ गांव से क्रिकेट का सफर शुरू करने वाले युवा ऑलराउंडर आयान अकरम (Ayan Akram) का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयान ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश की टीम से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से 37 विकेट लिए। इसके अलावा बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए पांच मैचों में एक शतक की मदद से 300 से ज्यादा रन बनाए।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन परविंदर सिंह ने बताया कि आयान ने गेंद और बल्ले दोनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाजों के बीच सबसे ज्यादा विकेट लेना उनकी बड़ी उपलब्धि रही। उनके शानदार प्रदर्शन के कारण चयनकर्ताओं की नजर उन पर पड़ी और उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली।
परविंदर सिंह ने उम्मीद जताई कि आयान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे और भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाएंगे।
आयान के भारतीय अंडर-19 टीम में चयन से परिवार और पूरे सहारनपुर में खुशी का माहौल है। उनके दादा इनाम सैफी और चाचा अमजद सैफी ने बताया कि आयान बचपन से ही क्रिकेट को लेकर गंभीर रहे हैं और लगातार अभ्यास करते रहे हैं।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, सचिव यशपाल, उपाध्यक्ष रवि सिंघल, कोषाध्यक्ष पाली कालड़ा समेत अन्य पदाधिकारियों ने आयान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनके घर पर भी बधाई देने वालों का पहुंचना जारी है।












