IndiaWorld

अमेरिका: सिएटल में दिवाली समारोह में दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं का हंगामा

सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान दो दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर नस्लवादी पोस्टर दिखाकर कार्यक्रम में व्यवधान डाला। IAMC ने घटना की निंदा की है।

सिएटल: अमेरिका के सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान दो दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर कार्यक्रम में व्यवधान पैदा किया। दोनों कार्यकर्ता भारतीय मूल के लोगों और हिंदू समुदाय को निशाना बनाने वाले पोस्टर लेकर पहुंचे थे। घटना 7 नवंबर को सिएटल सेंटर आर्मरी में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान हुई।

इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (IAMC) की 8 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, जेक लैंग और थॉमस एलन नाम के कार्यकर्ताओं ने नृत्य प्रस्तुति के दौरान कार्यक्रम में बाधा डाली। उनके पोस्टरों पर “Deport All Dot Heads” और “Stop Hindu Replacement of Christians” जैसे नारे लिखे थे। पहला नारा दक्षिण एशियाई मूल के लोगों के खिलाफ इस्तेमाल किया जाने वाला नस्लवादी अपमान है।

यह कार्यक्रम Seattle Center Festál का हिस्सा था, जिसके तहत शहर में अलग-अलग समुदायों के सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किए जाते हैं। समाचार रिपोर्टों के मुताबिक, समारोह में मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया और दोनों कार्यकर्ताओं को परिसर से बाहर कर दिया।

अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने घटना की निंदा करते हुए इसे नस्लवादी प्रदर्शन बताया। उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय को बिना किसी डर के दिवाली मनाने का अधिकार है। भारतीय-अमेरिकी समुदाय के अन्य प्रतिनिधियों ने भी घटना की आलोचना की।

IAMC के अध्यक्ष मोहम्मद जव्वाद ने कहा कि दिवाली मनाने के लिए जुटे हिंदू अमेरिकी परिवारों को शांति और सुरक्षा के साथ त्योहार मनाने का अधिकार है। संगठन ने सिएटल पुलिस और आयोजन स्थल के अधिकारियों से आगामी सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

दूसरी ओर, मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जेक लैंग ने दावा किया कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके और उनके साथियों के साथ मारपीट की। उन्होंने अपने प्रदर्शन को अमेरिकी संविधान के तहत विरोध का अधिकार बताया।

यह घटना अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों और धार्मिक समुदायों के खिलाफ नस्लवादी तथा भेदभावपूर्ण नारों को लेकर चिंता के बीच सामने आई है।

Related Posts

1 of 41

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *