Muhammad Faizan Raza News: गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरामन चक भटवालिया गांव निवासी 20 वर्षीय मुहम्मद फैज़ान रज़ा (Muhammad Faizan Raza) मऊ (उत्तर प्रदेश) से पूर्वांचल एक्सप्रेस ट्रेन से घर लौटते समय लापता हो गया है। परिवार के अनुसार, फैजान जामिया अमजदिया घोसी (मऊ) में पढ़ाई करता है। ईद-उल-अज़हा (बकरीद) की छुट्टियों में वह घर आ रहा था।
उसने 25 मई को सुबह मऊ जंक्शन से ट्रेन संख्या 15049 पूर्वांचल एक्सप्रेस पकड़ी, जिससे उसे भटनी जंक्शन पर उतरना था।ट्रेन बेल्थरा रोड पार कर सलेमपुर स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, तभी फैजान ने अपने पिता इम्तियाज अहमद रज़ा (सरकारी स्कूल शिक्षक) को मैसेज किया: “अब्बू, लड़ाई हो गई है, ट्रेन में सब मार रहे हैं… छुपकर मैसेज कर रहा हूँ।”इसके बाद परिवार ने बार-बार कॉल करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ आ रहा था।
तब से फैजान का कोई अता-पता नहीं है। परिवार ने फुलवरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर काम चल रहा है।












