बिहार के सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड के हिलसर 51 टोला गांव के रहने वाले आशिक हुसैन ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में वैज्ञानिक पद पर हुआ है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
आशिक हुसैन, डॉ. अनवर अंसारी के बेटे और डॉ. ताहिर हुसैन के छोटे भाई हैं। उनकी सफलता पर परिवार के लोगों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
कई प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन
आशिक हुसैन ने अलग-अलग राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने नेशनल केमिकल लेबोरेटरी (NCL) की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-2 (AIR-2) हासिल की।
वहीं, न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) की परीक्षा में AIR-17 और ISRO की वैज्ञानिक भर्ती परीक्षा में AIR-38 रैंक प्राप्त की। इन उपलब्धियों के बाद उनका चयन ISRO में वैज्ञानिक पद के लिए हुआ है।
बचपन से पढ़ाई में रहे आगे
परिजनों के मुताबिक, आशिक हुसैन बचपन से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रहे हैं। प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश से उच्च शिक्षा हासिल की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उन्होंने लगातार मेहनत की और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार रैंक हासिल की।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
आशिक हुसैन की सफलता से उनके गांव हिलसर के साथ-साथ भगवानपुर हाट और पूरे सीवान जिले में खुशी है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर देश की प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्था ISRO में वैज्ञानिक बनना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा की बात है।
उनकी सफलता यह बताती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और सही दिशा में तैयारी के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।












