नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्र साहिल लोचब के साथ पुलिस के खिलाफ FIR दर्ज कराने संसद मार्ग स्थित DCP कार्यालय पहुँचे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान साहिल पर पुलिस ने पैलेट गन से हमला किया था, जिससे उनकी आँख में गंभीर चोट आई और उनकी एक आँख की रोशनी खतरे में है।
राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई कानूनी कार्रवाई नहीं, बल्कि गंभीर अपराध है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना को लेकर गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री की ओर से छात्रों को कोई स्पष्टीकरण या माफी नहीं दी गई।
उन्होंने दावा किया कि साहिल जब इस मामले में न्याय की मांग करते हुए FIR दर्ज कराने पहुँचे, तो उन्हें FIR दर्ज कराने की अनुमति नहीं दी जा रही है। राहुल गांधी ने इसे संविधान और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया।
राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल करते हुए कहा कि सरकार न्याय से क्यों घबरा रही है। उन्होंने कहा कि साहिल के मामले में FIR दर्ज होगी, न्यायिक जांच होगी और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राहुल गांधी ने कहा कि साहिल समेत प्रदर्शन के दौरान पीड़ित हुए सभी छात्रों को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई जारी रखी जाएगी।












