India

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए पूर्व विधायक दिलीप कुमार पाण्डेय का चयन।

Spread the love

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के पूर्व विधायक और पूर्व मुख्य सचेतक दिलीप कुमार पाण्डेय (Dilip Kumar Pandey) का चयन स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठित “फिशर फैमिली समर फेलोज़ ऑन डेमोक्रेसी एंड डेवलपमेंट प्रोग्राम 2026” के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उनके सार्वजनिक जीवन के अनुभव और शैक्षणिक शोध के अनूठे संयोजन को वैश्विक स्तर पर मिली मान्यता के रूप में देखी जा रही है।

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑन डेमोक्रेसी, डेवलपमेंट एंड द रूल ऑफ लॉ (CDDRL) द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए 19 देशों से केवल 26 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। दिलीप कुमार पाण्डेय इस बैच में भारत के एकमात्र पूर्व निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं, जिन्हें लोकतांत्रिक शासन और सार्वजनिक नीति पर अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।

दिल्ली के तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके पाण्डेय ने अपने कार्यकाल के दौरान जनहित के मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया। विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान राहत एवं सहायता कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका और लोगों के साथ लगातार संवाद ने उन्हें एक जनप्रतिनिधि के रूप में अलग पहचान दिलाई।

18 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले इस एक माह के आवासीय कार्यक्रम में दुनिया भर के नीति-निर्माता, शिक्षाविद और लोकतंत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस दौरान लोकतंत्र, सार्वजनिक नीति, सुशासन और संस्थागत सुधार जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी। पाण्डेय का शोध “मध्यस्थ दर्शन (Coexistentialism)” पर आधारित है, जिसमें लोकतांत्रिक व्यवस्था में नैतिक मूल्यों, सह-अस्तित्व और जनभागीदारी को महत्वपूर्ण माना गया है।

अपने चयन पर दिलीप कुमार पाण्डेय ने कहा, “एक पूर्व विधायक के रूप में मिला अनुभव लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को गहराई से समझने में मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है। यह फेलोशिप भारत के लोकतांत्रिक अनुभवों को वैश्विक मंच पर साझा करने और लोकतंत्र को अधिक मानवीय, समावेशी तथा जवाबदेह बनाने का अवसर प्रदान करेगी।”

दिलीप कुमार पाण्डेय को एक ‘स्कॉलर-प्रैक्टिशनर’ के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने हांगकांग में अपना सफल आईटी करियर छोड़कर ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में सक्रिय राजनीति के माध्यम से जनसेवा का रास्ता चुना। वर्तमान में वे आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी तथा AAP Overseas के प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

Related Posts

यूपी: सहारनपुर में स्थित 75 साल पुरानी कथित अवैध मस्जिद को ध्वस्त करने का आदेश, 6.41 करोड़ रुपये का जुर्माना।

सहारनपुर: सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह की अदालत ने जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय

1 of 30

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *