नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया के विधि संकाय की छात्रा अतबा खान को राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित टांटिया यूनिवर्सिटी में आयोजित दूसरी डॉ. एस.एस. टांटिया राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 में Advocacy Excellence Award से सम्मानित किया गया है।
जामिया की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह प्रतियोगिता 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित हुई थी। अतबा खान बीए एलएलबी कार्यक्रम (बैच 2025-2030) की छात्रा हैं। उन्हें प्रभावशाली मौखिक वकालत, कानूनी तर्कों, विश्लेषण क्षमता और अदालत में प्रस्तुति के लिए यह सम्मान दिया गया।
प्रतियोगिता में जामिया की टीम में जुबी अंसारी, अतबा खान और शोधकर्ता शंभवी कुमारी शामिल थीं। तीनों छात्राएं बीए एलएलबी के 2025-2030 बैच से हैं।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं के जरिए कानून के विद्यार्थियों को अदालत जैसी प्रक्रिया में अपने कानूनी शोध, तर्क और बहस की क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।
जामिया के विधि संकाय ने छात्राओं और उनकी तैयारी में सहयोग करने वाले मेंटर्स को बधाई दी है।











