चेन्नई: तमिलनाडु सरकार ने 2026-27 शैक्षणिक वर्ष में विदेश में स्नातकोत्तर पढ़ाई करने वाले मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय के 10 छात्रों को छात्रवृत्ति देने की योजना शुरू की है। प्रत्येक चयनित छात्र को अधिकतम 36 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा सकती है।
कोयंबटूर जिला प्रशासन की सूचना के मुताबिक, इस योजना के लिए आवेदन की अंतिम तारीख पहले 15 अक्टूबर थी, जिसे बढ़ाकर 9 नवंबर 2026 कर दिया गया है। इच्छुक और पात्र छात्र अब निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन जमा कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
- आवेदक मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय से होना चाहिए।
- विदेश की ऐसी यूनिवर्सिटी या संस्थान से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में बिना शर्त प्रवेश पत्र मिला हो, जो QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग के शीर्ष 250 संस्थानों में शामिल हो।
- स्नातक में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड होना चाहिए।
- माता-पिता की सालाना आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आवेदन फॉर्म तमिलनाडु के पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की वेबसाइट www.bcmbcmw.tn.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। भरा हुआ फॉर्म और जरूरी दस्तावेज 9 नवंबर तक आयुक्त, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, कलासा महल हेरिटेज बिल्डिंग, चेपॉक, चेन्नई-600005 के पते पर जमा कराने होंगे।
सरकारी सूचना के अनुसार, विदेश जाकर पढ़ाई शुरू कर चुके छात्रों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पात्र छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले विभाग की आधिकारिक सूचना और दस्तावेजों की शर्तें ध्यान से जांच लें।











