Site icon The Pressmark

यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 13.58 करोड़ मतदाता दर्ज; सात महीने में 18.84 लाख की बढ़ोतरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मंगलवार, 17 नवंबर को नई ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने लखनऊ स्थित लोक भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी। नई सूची में कुल 13,58,68,905 मतदाताओं के नाम शामिल हैं। अप्रैल 2026 में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची की तुलना में प्रदेश में 18,84,113 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, नई ड्राफ्ट सूची में 7,38,58,510 पुरुष, 6,20,06,353 महिला और 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। पिछले सात महीनों में महिला मतदाताओं की संख्या में 10,96,828 और पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7,87,449 की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है।

ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11,83,352 मतदाता दर्ज किए गए हैं। गौरतलब है कि अप्रैल में जारी अंतिम सूची में इस आयु वर्ग के 17,63,360 मतदाता थे। इस तरह सात महीनों में इस आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में 5,80,008 की कमी आई है। यह आंकड़ा नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर भी ध्यान देने योग्य है।

निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में सुधार कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया है। इसके लिए नाम जोड़ने हेतु फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा।

आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी। मतदाता इस दौरान अपनी और परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी ड्राफ्ट सूची में जांच सकते हैं।

Exit mobile version