नई दिल्ली: द वायर हिंदी की पत्रकार श्रुति शर्मा को ह्यूमन राइट्स एंड रिलिजियस फ्रीडम (HRRF) जर्नलिज़्म अवॉर्ड्स 2026 में सम्मानित किया गया है। उन्हें मानवाधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता पर उत्कृष्ट हिंदी रिपोर्टिंग की श्रेणी में यह पुरस्कार मिला है। नोएडा में हुए मज़दूर आंदोलन और उसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी उनकी रिपोर्ट्स को इस सम्मान के लिए चुना गया।
पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा 14 नवंबर को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित फ्रेमोंट में इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (IAMC) के वार्षिक समारोह में की गई। यह HRRF पत्रकारिता पुरस्कारों का पांचवां वर्ष है।
द वायर की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रुति शर्मा की तीन रिपोर्ट्स को पुरस्कार के लिए चुना गया। इनमें नोएडा मज़दूर आंदोलन से जुड़े मामले में पुलिस की चार्जशीट और साज़िश के आरोपों की पड़ताल, आंदोलन से असंबद्ध बताए गए एक नाबालिग की गिरफ्तारी और हिरासत से जुड़ा मामला, तथा आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के आरोप में इंजीनियरों, पत्रकारों और छात्रों की गिरफ्तारियों का विवरण शामिल है।
इसी श्रेणी में द वायर हिंदी के पत्रकार अंकित राज भी फाइनलिस्ट रहे। उनकी रिपोर्ट्स में घुसपैठ को लेकर भाजपा नेताओं के दावों और उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के बीच अंतर की पड़ताल की गई थी।
HRRF पुरस्कार भारत में मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और हाशिये पर मौजूद समुदायों से जुड़े मुद्दों पर उत्कृष्ट पत्रकारिता को सम्मानित करते हैं। इनमें मानवाधिकार उल्लंघन, धार्मिक भेदभाव, मनमानी गिरफ्तारियों और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे विषयों पर की गई रिपोर्टिंग को जगह दी जाती है।
